तांदी गांव में भीषण आग, चार मकान और देवता का भंडार जलकर राख
Himachalnow / कुल्लू
नए साल के पहले दिन आग का तांडव, प्रशासन और दमकल विभाग मौके पर रवाना
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के बंजार क्षेत्र के तांदी गांव में नए साल के पहले दिन भीषण आग लगने की सूचना मिली है। आग इतनी तेजी से फैली कि अब तक चार मकान और एक देवता शेषनाग का भंडार जलकर राख हो चुके हैं। आग ने पूरे गांव को खतरे में डाल दिया है।
दोपहर बाद आग लगने की सूचना मिली। आग घास रखने के लिए बनाए गए मकान में लगी और तेजी से आसपास के घरों में फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत जुटकर आग बुझाने का प्रयास किया और इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी।
बंजार से दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर रवाना हो गई है। विधायक सुरेंद्र शौरी भी तांदी गांव पहुंचने के लिए रवाना हो चुके हैं। तांदी गांव मुख्य सड़क से केवल 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे दमकल विभाग के वाहनों के जल्द पहुंचने की उम्मीद है।
आग इतनी तेजी से भड़क रही है कि देखते ही देखते मकान को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने से अब तक चार मकान समेत एक देवता शेषनाग के भंडार के जलने की सूचना है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और दमकल विभाग के अधिकारी जल्द से जल्द आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं। ग्रामीण भी आग बुझाने में पूरी कोशिश कर रहे हैं। आग के कारणों की जांच की जा रही है।
