Loading...

तीन तरह की 300 इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा एचआरटीसी, यह है बसों की खासियत…….

Ankita • 15 Jan 2024 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल पथ परिवहन निगम ने तीन तरह की 300 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने का फैसला किया गया है। बता दें जैसे-जैसे पुरानी बसें निगम के बेड़े से बाहर होंगी तो नई इलेक्ट्रिक बसें उनका स्थान लेंगी। ये बसें एक जिले से दूसरे जिले या बाहरी राज्यों के लिए चलाई जाएंगी।

निगम लग्जरी इलेक्ट्रिक बसें भी खरीदेगा। ये मौजूदा समय में चल रही वोल्वो बसों का स्थान लेंगी। सरकार की अनुमति के बाद बजट स्वीकृत होने पर यह खरीद प्रक्रिया शुरू होगी। 300 बसों की खरीद की प्रक्रिया एक साथ शुरू होगी या चरणबद्ध तरीके से बसें खरीदी जाएंगी, इस पर फैसला होना अभी बाकी है।

निगम की योजना के तहत प्रदेश के शहरों में लोकल रूटों के लिए टाइप वन इलेक्ट्रिक बसें खरीदी जाएंगी। मौजूदा समय में शिमला, धर्मशाला सहित अन्य जिलों में टाइप वन बसें चल ही रही हैं। लंबी दूरी के रूटों के लिए निगम टाइप टू इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगा।

यह है बसों की खासियत……
टाइप वन इलेक्ट्रिक बस एक बार चार्ज करने के बाद 80 से 100 किलोमीटर तक चल सकती है। टाइप टू बस की क्षमता एक बार चार्ज करने के बाद 200 से 250 किलोमीटर चलने की है। टाइप टू बस चार्जिंग में टाइप-वन से कम समय लेगी।