तीसा में मनरेगा के तहत सेब के पौधों की खरीद में गड़बड़ी, खंड विकास अधिकारी सस्पेंड

शिमला

तीन करोड़ की सेब पौध खरीद में अनियमितता की पुष्टि, विभाग ने की कार्रवाई

एसडीएम जांच में सामने आईं खामियां, ग्रामीण विकास विभाग ने लिया सख्त फैसला

तीसा में गड़बड़ी का खुलासा

चंबा जिला के तीसा उपमंडल की ग्राम पंचायत सनवाल में मनरेगा के तहत सेब के पौधों की खरीद में हुई भारी अनियमितता के मामले में तत्कालीन खंड विकास अधिकारी मनीश कुमार को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसडीएम द्वारा की गई जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है।

तीन करोड़ की खरीद में मिलीं खामियां

बताया गया कि ग्राम पंचायत सनवाल में मनरेगा के तहत तीन करोड़ रुपये की लागत से सेब के पौधों की खरीद की गई थी। इस खरीद में प्रक्रिया संबंधी गंभीर खामियों के साथ वित्तीय अनियमितताएं भी सामने आई हैं। जांच के दौरान खरीदी गई सामग्री की गुणवत्ता, मात्रा और भुगतान प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे।

विभागीय जांच के बाद निलंबन

एसडीएम जांच रिपोर्ट के बाद ग्रामीण विकास विभाग ने आंतरिक जांच शुरू की और अनियमितताओं की पुष्टि होने पर खंड विकास अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभागीय निदेशक राघव शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन इस मामले को लेकर गंभीर है और आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।