Loading...

तेंदुए की दस्तक से क्षेत्र में फैला दहशत का माहौल, वन विभाग ने….

Ankita • 30 May 2023 • 1 Min Read

HNN/ मंडी

जिला मंडी के सुंदरनगर में तेंदुआ देखा गया है। चहलकदमी करता हुआ तेंदुआ सीसीटीवी कमरे में कैद हुआ है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र के लोगों ने इस बाबत वन विभाग को सूचित किया। तेंदुए की दस्तक से क्षेत्र के लोगों ने जल्द ही तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगाई है।

बता दें मामला मंडी जिला के नगर परिषद सुंदरनगर के तहत वार्ड नंबर 6 बौहट का है, यहां स्थानीय निवासी राधा कृष्ण शर्मा ने तेंदुए को बेखौफ घूमता हुआ देखा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे एक तेंदुआ उनके घर के आंगन में प्रवेश कर गया और काफी देर तक आंगन में ही इधर-उधर घूमता रहा।

तेंदुए की दस्तक से लोगों का उनके घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। हालांकि तेंदुए ने अभी तक क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति पर हमला नहीं किया है, ना ही किसी पालतू जानवर को अपना शिकार बनाया है।

उधर, वन मंडल अधिकारी सुभाष पराशर ने कहा कि तेंदुए की धरपकड़ के लिए क्षेत्र में जल्द ही पिंजरा स्थापित किया जाएगा। उन्होंने लोगों को रात के समय घरों से अकेले बाहर ना निकलने की हिदायत दी है।