तेंदुए ने बकरी को बनाया शिकार, गांव में दहशत का माहौल
HNN/ चंबा
चंबा के उपमंडल ज्वाली के तहत ग्राम पंचायत भलाड़ में तेंदुए ने एक बकरी पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। जिसके बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लाल चंद सुपुत्र बृज लाल रोज की तरह अपनी बकरियों को घास चराने के लिए लेकर गया हुआ था। इसी बीच दो तेंदुओं ने घास चरती हुई बकरियों के झुंड पर हमला किया और उनमें से एक बकरी को दबोच कर अपना शिकार बना लिया।
इसके बाद पीड़ित ने इस वारदात की सूचना वन विभाग को दी और वन विभाग से तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरे का प्रबंध करने की गुहार लगाई है। आरो कोटला इश्वर दास ने कहा कि पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा और जल्द ही दोनों तेंदुओं को पिंजरे में कैद किया जाएगा।