तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में दो की मौत, एक घायल
HNN/ पांवटा साहिब
हिमाचल में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से आए दिन कई सड़क हादसे देखने को मिल रहे हैं। मामला जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब का सामने आया है, यहां तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक को टक्कर मार दी।
जिस कारण बाइक पर सवार दो युवकों की मौत हो गई है, जबकि एक अन्य युवक घायल हुआ है। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। मृतकों की पहचान (25) अजय पुत्र रणवीर निवासी भारापुर व मनदीप (25) हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया है।
जानकरी के मुताबिक, तीन युवक बाइक पर सवार होकर पांवटा में होली मनाने के बाद अपने घर नाहन की ओर लौट रहे थे। इस दौरान जैसे ही वह कालाअंब-देहरादून हाईवे पर धौला कुआं के नजदीक पहुंचे तो एक तेज रफ्तार एसयूवी ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक युवक घायल हुआ है। घटना के बाद इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए। मामले की पुष्टि पांवटा साहिब के डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने की है। उन्होंने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन चालक की पहचान कर ली गई है।