तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, मौके से फरार
HNN/ पांवटा
सिरमौर जिला के उपमंडल पांवटा साहिब में एक तेज रफ्तार कार चालक बाइक को टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक चालक को सिर पर गंभीर चोट लगी है। पीड़ित की पहचान गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। महबूब 55 वर्ष पुत्र रहमान निवासी गांव व डाकघर पुरूवाला काशीपुर तहसील पांवटा साहिब जिला सिरमौर ने इस बाबत पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महबूब शम्मु खोखे के पास चाय पी रहा था। इसी दौरान उसने देखा कि बद्रीपुर की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल को एक सफेद रंग की कार (HR24X-4002) ने पीछे से टक्कर मार दी जिससे बाइक चालक घायल हो गया। हादसे में बाइक सवार को गंभीर चोटे आई है।
स्थानीय लोगों द्वारा पीड़ित को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उधर, डीएसपी पांवटा रामाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि गाड़ी चालक मौके से फरार चल रहा है जिसे पुलिस ढूंढने का प्रयास कर रही है।