Loading...

तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ी को मारी टक्कर, तीन घायल

Ankita • 13 Feb 2023 • 1 Min Read

HNN/ कांगड़ा

जिला में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। वाहन चालकों की लापरवाही की वजह से आए दिन कई सड़क हादसे पेश आ रहे है। ताजा मामला जिला कांगड़ा के देहरा में रानीताल के सुक्का बाग का है, यहां तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे हादसे में 3 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है, जिनकी पहचान किशन कुमार निवासी रजियाणा, बिक्रम सिंह और मिथुन निवासी सुक्का बाग के रूप में हुई है। वहीं पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, किशन, बिक्रम, और मिथुन सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी के पास खड़े हुए थे। इस दौरान एक तेज रफ्तार कार चालक राजीव कुमार निवासी धर्मशाला ने उनके पास खड़ी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे वह तीनों भी घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा तीनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज टांडा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची घायलों के बयान दर्ज किए। वहीं पुलिस ने कार चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी देहरा विशाल वर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।