तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही युवती को मारी टक्कर, चालक फरार
HNN/शिमला
राजधानी शिमला में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही एक युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती घायल हुई है। वहीं वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घायल की पहचान 21 वर्षीय अदिति शर्मा पुत्री सत्य प्रकाश निवासी गांव घैणा नगाली तहसील कंडाघाट जिला सोलन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अदिति शर्मा मालरोड शिमला से रात्रि करीब 8 बजे अपने दोस्तों के साथ विंटर फील्ड शिमला के पास पहुंची और सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार वहां आई और चालक ने लापरवाही से कार चलाते हुए उसे टक्कर मार दी और मौके से भाग गया।
जिसके बाद स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं घायल की शिकायत पर पुलिस ने वह चालक के खिलाफ मामला कर किया और घायल का मेडिकल करवाया। साथ ही चालक व कार की तलाश शुरू कर दी है। इसके लिए पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है।