Accident / मिट्टी उतारते समय ठेकेदार पर पलटा डम्पर, दबने से नाजर अली की मौत
Accident / मिश्रवाला में निर्माणाधीन वेयर हाउस में मिट्टी खाली करते समय एक डम्पर अचानक पास खड़े ठेकेदार नाजर अली की ओर पलट गया। डम्पर के नीचे दबने के बाद उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिकायत में चालक की कथित लापरवाही को हादसे का कारण बताया गया है। पुलिस थाना माजरा ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर/माजरा
वेयर हाउस निर्माण के लिए लाई गई थी मिट्टी
पुलिस थाना माजरा में यशपाल चौहान निवासी डिमोउ, तहसील कालसी, जिला देहरादून की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के अनुसार मिश्रवाला में एक वेयर हाउस का निर्माण चल रहा है और इस कार्य का ठेका नाजर अली ने लिया हुआ था। निर्माण स्थल पर डम्परों के माध्यम से रेत और मिट्टी पहुंचाई जा रही थी। इसी क्रम में डम्पर नंबर HP71-6130 से मिट्टी खाली की जा रही थी और नाजर अली वाहन के पास खड़े थे।
जैक ऊंचा उठने के बाद पलटा डम्पर
शिकायत के मुताबिक मिट्टी खाली करते समय डम्पर का जैक काफी ऊंचा उठा हुआ था। आरोप है कि चालक ने वाहन को आगे-पीछे किया तो डम्पर अचानक नाजर अली की तरफ पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें डम्पर के नीचे से निकालकर जुनेजा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने चालक की कथित लापरवाही को हादसे की वजह बताया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।