तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को माटी टक्कर, एक की मौत, दूसरा घायल

By PARUL Published: 5 Dec 2023, 3:41 PM | Updated: 5 Dec 2023, 3:43 PM 1 min read

HNN/ऊना

हिमाचल प्रदेश में आए दिन कई सड़क हादसे लोगों की जान ले रहे हैं। ताज़ा मामला जिला ऊना के संतोषगढ़ मार्ग का है। जहां पीरा दी दरगाह के पास एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक ऋषभ कुमार की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी सोनिया गंभीर रूप से घायल हुई है। मृतक की पहचान ऋषभ कुमार (28) पुत्र बहादुर सिंह निवासी नंगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 7:30 बजे ऋषभ कुमार अपनी पत्नी सोनिया के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर नंगड़ा से ऊना की तरफ आ रहा था। इसी दौरान जब वह पीरा दी दरगार रामपुर के पास पहुंचे तो एक तेज रफ्तार कैंटर ने उन्हें टक्कर मार दी। कैंटर की टक्कर से बाइक सवार दंपति सड़क के साथ लगती नाली में जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

जिसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा निजी गाड़ी के जरिए दोनों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने ऋषभ की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन चंडीगढ़ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी सोनिया का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार जारी है। हादसे के बाद कैंटर चालक गाड़ी सहित फरार हो गया था।

लेकिन सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कैंटर चालक इशान खान निवासी हमीरपुर को रेड लाइट चौक के पास पकड़ लिया। एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में कैंटर चालक इशान खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।