तेज रफ्तार जिप्सी ने कुचला मैकेनिक, दुकान बंद कर जा रहा था घर
HNN / शिमला
हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे कम होने का नाम नही ले रहे है। इन सड़क हादसों में ज्यादातर मामले तेज रफ्तारी के कारण देखने को मिलते है। रविवार देर रात को भी एक तेज रफ्तार जिप्सी ने एक राहगीर को कुचल डाला, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पवन के रूप में हुई है जो पेशे से मैकेनिक था। इस हादसे में अन्य लोगों को भी चोटें आई है जिन्हें इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया है।
जानकारी के अनुसार एक जिप्सी ( CH01CF 9736 ) कुफरी से शिमला की ओर आ रही थी। वाहन की तेज रफ़्तार होने के चलते उपनगर संजौली-चलौंठी बाईपास के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और पहले पैराफिट से टकराया उसके बाद सड़क पर चल रहे एक व्यक्ति के ऊपर चढ़ गया। इसके बाद स्थानीय लोग व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले आए, जहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
इतना ही नहीं जिप्सी में सवार अन्य 6 लोगों को भी चोटें आई है, जिन्हें आईजीएमसी में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।