तेज रफ्तार वोल्वो बस ने ट्रक चालक को मारी जोरदार टक्कर, मौत
HNN/चंबा
जिला चंबा में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां एक वोल्वो बस ने ट्रक चालक को टक्कर मार दी। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान जय करण सिंह निवासी बीठल जिला चंबा के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जय करण सिंह ट्रक (HP 66A-7192) लेकर दिल्ली गया हुआ था।
वहां से सामान लोड कर हिमाचल प्रदेश वापिस लौट रहा था। इस दौरान जब वह शहजादपुर-अंबाला-पंचकूला रोड पर दिलप्रीत ढाबे के पास पहुंचा तो उसने अपना ट्रक वहीं खड़ा कर दिया। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वोल्वो बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान उसका बेटा भी मौके पर मौजूद था। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस थाना शहजादपुर की टीम मौके पर पहुंची और वोल्वो बस चालक राकेश कुमार निवासी करनाल के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज किया। पुलिस द्वारा मामले में आगामी कार्यवाही की जा रही है।