Loading...

Landslide / कालाअम्ब-नाहन NH-07 क्षतिग्रस्त, भारी वाहनों पर रोक; वैकल्पिक रूट तय

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Landslide / सिरमौर जिले में कालाअम्ब-नाहन नेशनल हाईवे-07 पर मोगीनंद स्थित फीनिक्स कंपनी के पास भारी भूस्खलन से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। संभावित हादसे को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी है और उन्हें हरियाणा के खिजराबाद से होकर जाने वाले वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जा रहा है।

नाहन

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार प्रभावित हिस्से से डबल एक्सल वाहन, ट्राले, टिप्पर और डंपर नहीं गुजर सकेंगे। यह प्रतिबंध माल से लदे और खाली, दोनों तरह के भारी वाहनों पर लागू रहेगा। क्षतिग्रस्त सड़क पर अतिरिक्त दबाव रोकने के लिए यातायात को वैकल्पिक मार्ग की ओर मोड़ा गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क की मरम्मत पूरी करने और इसे भारी वाहनों के लिए सुरक्षित घोषित करने तक यह व्यवस्था जारी रहेगी।

आदेश का पालन सुनिश्चित करने के लिए सिरमौर पुलिस ने जुड्डा का जोहड़ के समीप नाका लगाया है। डीएसपी मुख्यालय शक्ति सिंह ने देर रात मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था की निगरानी की। पुलिस टीमें यह सुनिश्चित कर रही हैं कि प्रतिबंधित श्रेणी का कोई भी वाहन क्षतिग्रस्त मार्ग की ओर न जाए। सभी भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से भेजा जा रहा है, ताकि प्रभावित सड़क पर दबाव न बढ़े और यातायात सुरक्षित बना रहे।

एसपी एनएस नेगी ने कहा कि यातायात प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भारी वाहन चालकों और आम लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षित घोषित होने तक भारी वाहनों के प्रवेश पर लागू रोक में कोई ढील नहीं दी जाएगी।

Related Topics: •