त्रिलोकपुर में पहले नवरात्र पर शिव-गौरा महाआरती, बारिश के बीच उमड़ी श्रद्धा
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया भाग, व्यवस्थाओं की हुई सराहना
नाहन त्रिलोकपुर(हिमाचल नाऊ न्यूज)
चैत्र नवरात्र के पहले दिन श्री महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर न्यास समिति के निर्णय अनुसार प्रथम नवरात्र, अष्टमी और चौदस को शिव मंदिर में महाआरती आयोजित की जानी है, जिसके तहत पहले दिन संध्या समय शिव-गौरा महाआरती का आयोजन किया गया।

खास बात यह रही कि हल्की बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और सैकड़ों की संख्या में भक्त महाआरती में शामिल हुए। शिव मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा और पूरे क्षेत्र में जयकारों की गूंज सुनाई दी।
इस दौरान एसडीएम नाहन एवं संयुक्त आयुक्त त्रिलोकपुर मंदिर न्यास राजीव सांख्यान विशेष रूप से महाआरती में शामिल रहे। उन्होंने भी श्रद्धालुओं के साथ आरती में भाग लेकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

पहले ही दिन प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा की गई व्यवस्थाएं सफल साबित हुईं। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थित ढंग से माता के दर्शन किए और कतारबद्ध व्यवस्था, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन की सराहना की।

अंत में एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने संदेश देते हुए कहा कि नवरात्र का यह पर्व आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा बनाई गई व्यवस्थाओं का पालन करें और शांति व श्रद्धा के साथ दर्शन करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम दर्शन का अनुभव मिले तथा यह धार्मिक आयोजन सभी के लिए यादगार बने।