दर्दनाक हादसा: टिप्पर के पलटने से 22 वर्षीय युवक की हुई मौत

By PARUL Published: 2 Dec 2023, 4:29 PM | Updated: 2 Dec 2023, 4:33 PM 1 min read

HNN/ऊना

जिला ऊना में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। जहां टिप्पर पलटने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बलराम उर्फ मिंटू (22) पुत्र सरवण निवासी वार्ड-9 लवाणा माजरा गांव ईसपुर तहसील हरोली, जिला ऊना के रूप में हुई है। बड़ी बात तो यह है कि बलराम उर्फ मिंटू का यह नौकरी का पहला दिन था कि इसी दिन वह हादसे का शिकार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, बलराम पेशे से ड्राइवरी का काम करता था। अभी कुछ दिन पहले ही उसने लोहरली में स्थित एक स्टोन क्रशर में नौकरी की बात पक्की की थी। जिसके बाद तय हुआ कि वह 1 दिसंबर से काम पर आएगा। इस दौरान जब वह नौकरी पर आया तो उसे क्रशर से करीब 15 किलोमीटर दूर स्तोथर गांव की खड्ड से रेत बजरी लोड करवाकर क्रशर तक पहुंचाने के लिए कहा गया। बलराम अपने टिप्पर को लोड करवाने के लिए स्तोथर गांव की खड्ड के करीब पहुंचा।

जिस दौरान उसने किसी वाहन को पास देने के लिए अपनी टिप्पर को रास्ते के किनारे किया लेकिन वहां दलदल होने के कारण टिप्पर धंस गया। ऐसे में बलराम ने टिप्पर से छलांग लगाई और जान बचाने के लिए भागने लगा। लेकिन वह रास्ते के किनारे लगी कांटेदार तार में फंस गया और वहां से नहीं निकल सका। जिससे कि टिप्पर उसके ऊपर गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग पर पहुंचे और जेसीबी की मदद से युवक को टिप्पर के नीचे से निकाला।

जिसके बाद उसे घायल अवस्था में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया। लेकिन अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस थाना अंब की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। डीएसपी अंब वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि युवक का शव क्षेत्रीय अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Tags: