Loading...

दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर पलटा टेंपो, हादसे में 9 प्रवासी मजदूर घायल

PARUL • 27 Nov 2023 • 1 Min Read

HNN/ऊना

हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहें हैं। ताज़ा मामला जिला ऊना के कुठेड़ा खैरला से पेश आया है। जहां एक टेंपो पलटने से 9 प्रवासी मजदूर घायल हो गए। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

जिनकी पहचान कांता देवी पत्नी कैलाश चंद, कैलाश चंद पुत्र कन्हैया लाल निवासी महेन्द्रगढ़ हरियाणा, नेहा पत्नी अजय कुमार निवासी बेरी तहसील कठपुतली, राजस्थान के रूप में हुई है। जबकि अन्य घायलों की पहचान आरव निवासी बलेरिया जयपुर, निशा पत्नी रामू निवासी कोटरुतली राजस्थान, रीना, विष्णु, अनिष्का निवासी कोटपुतली राजस्थान और राहुल निवासी महेन्द्रगढ़ हरियाणा के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सभी लोग ज्वालाजी क्षेत्र में स्क्रैप (कबाड़) का काम करते हैं। जिन्हें राजस्थान में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए जाना था। जिसके चलते वह टेंपो में सवार होकर अंब रेलवे स्टेशन जा रहे थे। जहां से पौने दो बजे उन्हें राजस्थान के लिए जाना था।

इसी दौरान एनएच तीन अंब-नादौन मार्ग पर कुठेड़ा खैरला में एक तीखे मोड़ के पास चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया और टेंपो सवार 9 लोग घायल हो गए। जिसके बाद उन्हें तुरंत ही उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया।

एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय चिकित्सालय ऊना रेफर किया गया है। जबकि अन्य घायलों का वहीं पर उपचार किया जा रहा है।