दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित होकर खाई में गिरी कार, 3 लोगों की हुई मौत
HNN/ मंडी
जिला मंडी के जंजैहली-छतरी रोड़ पर मगरूगला के समीप एक दर्दनाक हादसा पेश आया है, यहां कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में तीन लोगों की जान चली गई है। मृतकों की पहचान मदन लाल(60) पुत्र देवी राम और उसकी पत्नी जयवंती( 60 ) निवासी गडौन और भीम सिंह(35) पुत्र धर्म चंद निवासी चिमटी के रूप में हुई है।
इसके अलावा 2 लोग घायल हुए है। घायलों में कुशमा देवी पत्नी लुहेंद्र निवासी धार और मुरारी लाल पुत्र भोप सिंह निवासी थाच शामिल है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पांच लोग कार में सवार होकर शादी समारोह से लौट कर वापस जा रहे थे। इस दौरान जैसे ही वह मगरूगला के समीप पहुंचे तो अचानक ही चालक वाहन से संतुलन को बैठा जिस कारण गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे में जयवंती और भीम सिंह की घटनास्थल पर मौत हो गई। जबकि मदन लाल ने जंजैहली अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। घायलों में कुशमा और मुरारी लाल को प्राथमिक उपचार के बाद नेरचौक मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंडी सागर चंद्र ने घटना की पुष्टि की है।