गोशाला की छत टूटने से नीचे गिरी आठ महिलाएं, गंभीर रूप से घायल

By PARUL Published: 3 Dec 2023, 1:18 PM | Updated: 3 Dec 2023, 1:33 PM 1 min read

HNN/मंडी

जिला मंडी में ग्राम पंचायत मशोग के लहठो गांव में गोशाला की छत टूटने से आठ महिलाएं नीचे गिर गई। हादसे में सभी महिलाएं घायल हुई है। मौके पर पहुंचे हल्का पटवारी ने रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। घायलों की पहचान कमली देवी पत्नी हीमाराम, बुद्धि देवी पत्नी देवी राम, हिमती देवी पत्नी गंगाराम, घैंबू देवी पत्नी नोखू राम, मंगरी देवी पत्नी नरसिंह दास, लजी देवी पत्नी खेमराज, लता देवी पत्नी गोविंद राम और बिमला देवी पत्नी खूब राज के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि लहठो गांव में कुछ दिन पहले संतराम का निधन हो गया था। जिसके चलते रिश्तेदार शोक प्रकट करने के लिए उनके घर पर आए थे। इनमें महिलाएं भी शामिल थी। इस दौरान रिश्तेदार कमरे में बैठे थे। मकान काफी जर्जर हालत में है। जिस वजह से अचानक लकड़ी के शहतीरों पर डाली गई छत टूट गई और महिलाएं गोशाला में गिर गई। गोशाला में गिरने से सभी महिलाएं घायल हो गई।

जिसके बाद उन्हें तुरंत ही प्राथमिक उपचार के लिए करसोग सिविल अस्पताल लाया गया। जहां से लता देवी और बिमला देवी को प्राथमिक उपचार देने के बाद घर भेज दिया गया है। जबकि अन्य छह महिलाओं की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आईजीएमसी शिमला के लिए रेफर किया गया है। वहीं ग्राम पंचायत मशोग के उपप्रधान हेतराम ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है।

उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को घर बनाने के लिए जल्द धन राशि उपलब्ध करवाने जाने की मांग की है। सूचना मिलते ही हल्का पटवारी मौके पर पहुंचे और घटना की रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। एसडीएम करसोग नरेंद्र सिंह ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कहा कि फील्ड अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई हैं।

Tags: