दर्दनाक हादसा- ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, प्रशिक्षु डॉक्टर की मौत

Scooty-collided-with-truck.jpg

HNN/ काँगड़ा

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है जहां एक ट्रक ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान स्कूटी पर सवार प्रशिक्षु डॉक्टर की मौत हो गई है। इसके अलावा इस हादसे में एक युवती प्रशिक्षु बुरी तरह से घायल हुई है जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस द्वारा अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉक्टर पीयूष पाल (32) पुत्र पति रामपाल निवासी महाराष्ट्र स्कूटी पर सवार होकर युवती प्रशिक्षु के साथ टांडा जा रहा था। इसी दौरान जैसे ही वह पुलिस थाना कांगड़ा के तहत बाईपास से टांडा जाने वाले रोड पर पुल के पास पहुंचा तो ट्रक ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों स्कूटी से नीचे गिर पड़े और बुरी तरह से जख्मी हो गए।

जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया जहां पर पीयूष पाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि युवती का उपचार अस्पताल में चल रहा है। बता दें, पीयूष पाल टांडा मेडिकल कॉलेज में ईएनटी की पढ़ाई कर रहा था। थाना प्रभारी कांगड़ा विजय कुमार ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में ले लिया गया है।