दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से व्यक्ति की मौत
HNN/ राजगढ़
जिला सिरमौर के उपमंडल राजगढ़ के पझौता क्षेत्र के टपरोली के समीप ट्रैक्टर सड़क से नीचे खेत में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अर्जुन कुमार पुत्र सुमेर चंद निवासी हेराहेड़ी, तहसील रुड़की (हरिद्वार) के तौर पर हुई है। पुलिस न मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार के हेराहेडी के रहने वाले सुमित कुमार ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को बताया कि वह शिव शंकर कंसट्रक्शन कंपनी में बतौर मजदूर काम करता है।
जब वह टपरोली में सड़क के काम में जुटे थे तो उसके गांव का अर्जुन ट्रैक्टर को ठीक करते समय अचानक खेत में गिर गया। हादसे की आवाज सुनने के बाद वह मौके पर पहुंचे तो अर्जुन भी ट्रैक्टर के साथ नीचे खेत में गिरा पडा मिला। उसे गंभीर चोटें आई थी।
लोगों की मदद से उसे उठाकर सडक तक पहुंचाया और निजी वाहन से जिला अस्पताल सोलन ले गए। जहां चिकित्सक ने अर्जुन को मृत घोषित कर दिया। डीएसपी अरुण मोदी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है।