दर्दनाक हादसा: स्कूल बस की चपेट में आई 9 वर्षीय छात्रा, मौके पर मौत
हादसे के वक्त बस में परिचालक भी नहीं था मौजूद
HNN/ ऊना
जिला ऊना में पुलिस थाना बंगाणा के तहत भलेती में एक दुःखद घटना पेश आई है, यहां एक छात्रा बस से नीचे गिरी और टायर की चपेट में आ गई। हादसे में छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक छात्रा की पहचान 9 वर्षीय अर्शिता पुत्री विवेक शर्मा निवासी बंगाणा के रूप में हुई है। हादसे के वक्त बस में परिचालक भी मौजूद नहीं था। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। साथ ही घटना के संदर्भ में आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, अर्शिता रोज की तरह बंगाणा से शिवालिक पब्लिक स्कूल तनोह के लिए स्कूल बस में सवार होकर जा रही थी। इस दौरान भलेती में अचानक ही बस का अगला दरवाजा खुला और बच्ची नीचे गिरकर टायर की चपेट में आ गई।
इस घटना में छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं सूचना मिलने के बाद बंगाणा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक ऊना राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि की है।