दिल्ली में 3 दिन ऑनलाइन ऑर्डर की डिलीवरी व कई अन्य सेवाओं पर प्रतिबंध, जानिए वजह…..
भारत समेत कई देशों के लिए बेहद महत्वपूर्ण जी-20 सम्मेलन की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। इस मेगा इवेंट के होने में चंद दिन ही बाकी हैं। दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को जी-20 शिखर सम्मेलन होने वाला है। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के इंतेजाम तो बहुत कड़े किए जा रहे हैं। राजधानी दिल्ली में ऑनलाइन फूड ऑर्डर करने वालों के लिए भी परेशानी वाली खबर है।
नई दिल्ली इलाके में 8 से 10 सितंबर के बीच ऑनलाइन फूड डिलीवरी पर बैन लगा दिया है। दिल्ली पुलिस ने इसके लिए आदेश जारी कर दिया है। उधर, विशेष पुलिस आयुक्त (यातायात) एसएस यादव ने बताया कि दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक ऑनलाइन फूड डिलीवरी सेवाएं बंद रखने का आदेश दिया गया है।
शहर में लॉकडाउन की स्थिति नहीं है, लेकिन सिक्योरिटी अरेंजमेंट्स और ट्रैफिक प्रतिबंधों के कारण क्लाउड किचन, वाणिज्यिक प्रतिष्ठान, बाजार, खाद्य वितरण, वाणिज्यिक वितरण सेवाएं और ऑनलाइन फूड डिलीवरी जैसी सेवाएं बंद रखने के लिए कहा गया है।
उन्होंने कहा कि अमेजन और फ्लिपकार्ट जैसी कंपनियों के माध्यम से भी डिलीवरी किए जाने वाले ऑर्डर भी नई दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) क्षेत्र में प्रतिबंधित हैं। एसएस यादव ने कहा कि आवश्यक चिकित्सा वस्तुओं की डिलीवरी सहित कुछ सेवाओं को प्रतिबंधों से छूट दी गई है।