दुकानदार के सिर पर लोहे की रॉड से किया हमला, मामला दर्ज
HNN/चंबा
जिला चंबा में एक दुकानदार के साथ मारपीट किए जाने का मामला संज्ञान में आया है। जहां बस स्टैंड चुवाड़ी में आठ व्यक्तियों ने एक दुकानदार का रास्ता रोककर उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हुआ है। घायल की पहचान 26 वर्षीय राहुल वर्मा निवासी वार्ड नंबर-2 लालाड़ा डाकघर चुवाड़ी तहसील भटियात के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल वर्मा की बस स्टैंड चुवाड़ी में चिकन की दुकान है। इस दौरान जब वह रात को दुकान बंद कर अपने घर की तरफ जा रहा था तो आठ लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। इस दौरान आरोपी उसके साथ बेवजह गाली-गलौज करने लगे। इतना ही नहीं आरोपियों ने राहुल के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान जैसे ही ग्रामीण वहां पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग गए।
हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद उसे उपचार के लिए चुवाड़ी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसके बाद राहुल वर्मा ने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एसपी अभिषेक यादव ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेगी।