दुकानों के बाहर रखा सामान किया चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
HNN/ऊना
जिला में आईएसबीटी ऊना के पास स्थानीय दुकानदारों ने दो युवकों को काबू कर पुलिस के हवाले किया है। दुकानदारों ने युवकों पर आरोप लगाया है कि उन्होंने दुकानों के बाहर रखा सामान चोरी किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, झलेड़ा में किराना की दुकान चलाने वाले पीयूष ने पुलिस को बताया बीते दिनों उसकी दुकान के बाहर रखा रिफाइंड तेल का एक टीन दो बाइक सवारों के उठा लिया और फरार हो गए।
पीयूष ने बताया कि उसने बाइक का नंबर नोट कर लिया था। इसी दौरान वह मंगलवार की सुबह ऊना की ओर आ रहा था तो उसे वही नंबर की बाइक नजर आई। जिसके बाद उसने उक्त बाइक का पीछा किया और आईएसबीटी ऊना के पास बाइक सवारों को रोका। तभी एक युवक वहां से भाग गया जबकि दूसरे युवक को पकड़ लिया गया।
हालांकि कुछ देर बाद भागा हुआ आरोपी भी पकड़ लिया गया। जिसके बाद उन्होंने दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि पता लगाया जा रहा कि अभी तक आरोपियों ने कितनी दुकानों में ऐसी वारदात को अंजाम दिया है और चोरी का सामान वे कहां बेचते थे।