दुनिया की सबसे ऊंचाई पर बनेगी शिंकुला टनल, जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
HNN/ लाहौल-स्पीति
हिमाचल प्रदेश में दुनिया की सबसे अधिक ऊंचाई पर बनने वाली शिंकुला टनल का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। बता दें इस टनल का निर्माण शिंकुला दर्रे पर समुद्र तल से 16,580 फीट की ऊंचाई पर होगा। इस टनल की लंबाई 4.1 किलोमीटर होगी। इसके लिए 1681 करोड़ रुपए की राशि जारी हो चुकी है।
यह राशि भारत सरकार ने जारी की है। यह टनल सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। इस टनल के जरिए पाकिस्तान और चीन सीमा तक भारतीय जवानों की पहुंच आसान हो जाएगी। बीआरओ महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल राजीव चौधरी ने शनिवार को मनाली-लेह, दारचा-शिंकुला मार्ग पर दीपक परियोजना और संगठन के योजक की ओर से निष्पादित सड़क कार्यों का निरीक्षण किया।
उन्होंने अटल टनल रोहतांग में हो रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा कि शिंकुला टनल सभी मौसम में लद्धाख के जांस्कर, निमो, पदुम को हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति और कुल्लू जिले को जोड़े रखेगी। सीमा सड़क संगठन देश के सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़कों, सुरंगों और हवाई अड्डों का निर्माण करने वाला एक प्रमुख संगठन है।