Loading...

हिमाचल के सरकारी डिपुओं में 1 दिसंबर से नई दरें लागू, चावल-आटा और चीनी होगी महंगी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 10 Mins Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सरकारी डिपुओं से मिलने वाला चावल, आटा और चीनी 1 दिसंबर से महंगी हो जाएगी। प्रदेश सरकार ने चावल के दाम दो रुपये, आटे के ढाई रुपये और चीनी के दाम अधिकतम सात रुपये प्रति किलो बढ़ाए हैं। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक कुमुद सिंह ने 26 नवंबर को नई दरें लागू करने के आदेश जारी किए हैं। इस फैसले का असर प्रदेश के लाखों राशन कार्ड धारकों पर पड़ेगा।

हिमाचल प्रदेश

नई दरों के अनुसार एपीएल उपभोक्ताओं को चावल अब 13 रुपये के बजाय 15 रुपये प्रति किलो मिलेगा। गेहूं के आटे की कीमत 12 रुपये से बढ़ाकर 14.50 रुपये प्रति किलो कर दी गई है। एनएफएसए श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए चीनी का मूल्य 13 रुपये से बढ़कर 20 रुपये प्रति किलो हो जाएगा। एपीएल परिवारों को चीनी के लिए अब 33 रुपये के स्थान पर 35 रुपये प्रति किलो चुकाने होंगे।

दालों की सब्सिडी का नियम बदला

सरकार ने दालों पर मिलने वाली सब्सिडी की व्यवस्था में भी बदलाव किया है। अब राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम यानी एनएफएसए और एपीएल, दोनों श्रेणियों के उपभोक्ताओं को दालों पर 15 रुपये प्रति किलो की समान सब्सिडी मिलेगी। इससे पहले दोनों वर्गों के लिए सब्सिडी का ढांचा अलग-अलग था। उचित मूल्य की दुकानें चलाने वाले डिपो धारकों के लिए एपीएल चावल और गेहूं के वितरण पर खुदरा कमीशन 50 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।

अतिरिक्त राजस्व से खरीदी जाएंगी सब्सिडी वाली वस्तुएं

विभागीय आदेश के मुताबिक एपीएल राशन की बिक्री दरों में बढ़ोतरी से प्राप्त अतिरिक्त राजस्व का उपयोग राज्य की सब्सिडी वाली वस्तुओं की खरीद में किया जाएगा और इसे सब्सिडी बिलों में समायोजित किया जाएगा। विभाग ने राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध निदेशक, जिला नियंत्रकों और संबंधित अधिकारियों को 1 दिसंबर से नई दरें लागू करने की सभी औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी भेजने को कहा गया है।

Related Topics: •