Loading...

हरोली में सिंथेटिक ट्रैक 30 अप्रैल से पहले, हेलीपोर्ट अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 12 Mins Ago • 1 Min Read

न्यू हरोली में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक को 30 अप्रैल से पहले और हेलीपोर्ट को अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने के निर्देश दिए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सिंथेटिक ट्रैक का लगभग 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि दिसंबर तक 60 प्रतिशत काम पूरा करने का लक्ष्य है। इस चरण में ट्रैक के लिए आवश्यक ढांचा तैयार किया जाएगा। मौसम अनुकूल होने पर गर्मी के दौरान सिंथेटिक सतह बिछाने का काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि न्यू हरोली परिसर को आधुनिक सुविधाओं वाले एकीकृत विकास केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है।

एक ही परिसर में विकसित होंगी कई सुविधाएं

परिसर में इनडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, सैनिक भवन, उद्योग भवन और जल शक्ति विभाग का एसई कार्यालय बनाया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में खेल, सामाजिक गतिविधियों और प्रशासनिक सेवाओं के लिए सुविधाएं बढ़ेंगी। मुकेश अग्निहोत्री ने जलभराव रोकने के लिए पूरे परिसर में पानी की निकासी की प्रभावी और स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

सभी परियोजनाओं को आपस में जोड़ने और परिसर में आवागमन सुगम बनाने के लिए रिंग रोड प्रस्तावित है। रामपुर पुल से हरोली की ओर एक बड़ा गोल चक्कर भी बनाया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है। रामपुर पुल से हरोली जल शक्ति भवन तक विकसित किए जा रहे विकास पथ का काम भी तेजी से चल रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने के साथ परियोजनाओं तक बेहतर पहुंच और कनेक्टिविटी उपलब्ध कराना है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी परियोजनाओं को एकीकृत रूप से विकसित किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही परिसर में खेल, सामाजिक, प्रशासनिक और अन्य आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री के साथ जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: •