देखते ही देखते पहाड़ का बड़ा हिस्सा हुआ जमींदोज, मंडी -कैहनवाल मार्ग पर हुआ भूस्खलन
HNN/ मंडी
मानसून के दोबारा जोर पकड़ते ही प्रदेश में भूस्खलन का सिलसिला फिर से शुरू हो गया है। ताजा मामला मंडी जिले का है, जहाँ मंडी शहर के साथ लगते गांव कैहनवाल की ओर जाने वाली सड़क पर भारी भूस्खलन हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो भूस्खलन का मंजर इतना भयानक था कि देखते ही देखते पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा जमींदोज हो गया।
बता दें कि पिछले कल और रात को हुई बारिश के कारण कैहनवाल सड़क पर हल्का- हल्का भूस्खलन शुरू हो गया था। जिससे सड़क पर यातायात की आवाजाही बंद हो गई थी। परन्तु सुबह पहाड़ का बड़ा हिस्सा गिरने से यह मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया है। वैसे तो गांव को जाने के लिए एक अन्य वैकल्पिक मार्ग भी है पर उसकी हालत भी खस्ता है और वह मार्ग स्थानीय लोगों को दूर भी पड़ता है।
भूस्खलन की सूचना तुरंत ही लोक निर्माण विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही विभाग ने टीम के साथ मशीनरी मौके पर भिजवाकर मलबे को हटाने का कार्य शुरू कर दिया है। यदि पहाड़ से और मलबा नहीं गिरता है तो जल्द ही इस मार्ग के बहाल होने की उम्मीद है।