देर रात पेट्रोलिंग पर निकले एएसपी सोमदत्त, सड़कों पर घूम रहे युवाओं से कही यह बात….
HNN/ नाहन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर सोमदत्त सोमवार देर रात को दलबल के साथ जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रो में पेट्रोलिंग पर निकले। इस दौरान उन्होंने देर रात तक सड़कों पर घूम रहे युवाओं को रोका और उनसे संवाद किया।
उन्होंने बताया कि संवाद में संतोषजनक उत्तर न पाए जाने पर युवाओं को अकारण ही देर रात को घर से बाहर घूमने को लेकर हिदायत दी गई और नशे जैसी गतिविधियों से दूर रहने को लेकर भी जागरूक किया गया। इसके अलावा शहर में पिछले कुछ समय से सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर भी पुलिस चौकियो सहित पेट्रोलिंग पर लगी टीम को भी जांचा गया।
एएसपी सोमदत्त ने बताया कि अक्सर शिकायतें मिलती है कि शहर में अंधेरे वाले क्षेत्रों में युवा रात के समय नशे की गतिविधियों को अंजाम देते हैं जिसको लेकर टीम के साथ रात को निरीक्षण किया गया।
उन्होंने बताया कि इस दौरान युवाओं से किसी प्रकार का कोई नशीला पदार्थ बरामद नहीं हुआ लेकिन देर रात तक सड़कों पर घूमते हुए युवा पाए गए। उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे जैसी बुराई से दूर रहने को लेकर जागरूक किया गया। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार की पेट्रोलिंग जारी रहेगी।