Loading...

देर से सही मगर सोलंकी को मुख्यमंत्री से मिला सब्र का फल

PARUL 4 Jan 2024 Edited 4 Jan 1 min read

आपदा पीड़ितों को राहत राशि और 216 करोड़ की देंगे सौगातें

HNN/नाहन

आखिर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के हनुमान भक्त बने अजय सोलंकी को पहले ही दौर में 216 करोड़ की सौगातें मिल गई हैं। 6 जनवरी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू नाहन चौगान मैदान में जहां एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे तो वहीं 216 करोड़ के शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। बड़ी बात तो यह है कि मक्कड़-वाली कून सड़क पर बने पुल तथा गाड्डा बुड्डी की लिफ्ट इरिगेशन स्कीम का मौके पर ही उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।

इसके अलावा नाहन शहर के लिए 144 करोड़ 47 लाख की आईपीएच विभाग की सीवरेज योजना का शिलान्यास, शिव प्रोजेक्ट के अंतर्गत नाहन ब्लॉक तथा पांवटा साहिब ब्लॉक के अंतर्गत सिंचाई योजनाओं का भी शिलान्यास रखेंगे। जल शक्ति विभाग के अंतर्गत ही उपमंडल जमटा अलग-अलग पेयजल योजनाओं में तंयक व टिकाउ सेवा वितरण का शिलान्यास करेंगे।

ग्राम पंचायत कालाअंब में अलग-अलग सिंचाई योजनाओं, सुरला पंचायत के अंतर्गत गांव चासी के लिए वर्षा जल संचयन सिंचाई योजना ,कठाणां की पताहर खड्ड पर चेक डैम के निर्माण का शिलान्यास भी करेंगे। अब यदि लोकार्पण की बात की जाए तो गुरुद्वारा शंभू वाला से कून सड़क में जो मारकंडा नदी पर 80 तथा 27 मीटर लंबा जो पुल बनाया गया है इसका लोकार्पण होगा। डॉ. वाय एस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन के रेजिडेंशियल टाइप 3 भवनों का भी उद्घाटन मुख्यमंत्री के द्वारा किया जाना है।

नाहन मेडिकल कॉलेज के प्रशिक्षण छात्रावास भवन सहित कांशीवाला नाहन में चूजा उत्पादन केंद्र भवन का शिलान्यास भी चौगान से ही किया जाएगा। बरहाल मुख्यमंत्री के सबसे करीबी माने जाने वाले नाहन के विधायक अजय सोलंकी को जिस तरीके से मुख्यमंत्री तवज्जो दे रहे हैं ऐसे में मुख्यमंत्री के पहले ही आधिकारिक दौरे में जो विकासात्मक योजनाएं व कार्य विधायक को मिले हैं वह उनके लिए संजीवनी साबित होंगे।

विधायक अजय सोलंकी ने बताया कि उनके द्वारा मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर के तमाम तैयारियां मुकम्मल की जा चुकी। उन्होंने कहा कि जनता अपने लोकप्रिय मुख्यमंत्री का बेसब्री से इंतजार कर रही है। वहीं उन्होंने भी नाहन विधानसभा क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में चौगान पहुंचे।