देश के पहले निजी रॉकेट की लॉन्चिंग, विक्रम-एस ने भरी उड़ान…
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन द्वारा आज देश के पहले निजी रॉकेट विक्रम-एस की लॉन्चिंग आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा प्रक्षेपण केंद्र से की गई है। श्रीहरीकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर से 18 नवंबर 2022 की सुबह 11.30 बजे अंतरिक्ष की दुनिया में नया इतिहास लिखा गया।
हैदराबाद की निजी स्पेस कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस के रॉकेट विक्रम-एस ने उड़ान भरी। रॉकेट आवाज की गति से पांच गुना ज्यादा स्पीड से अंतरिक्ष की ओर गया, यानी हाइपरसोनिक स्पीड से। उधर, INSPACe के अध्यक्ष पवन कुमार गोयनका ने कहा कि यह भारत के निजी क्षेत्र के लिए नई शुरूआत है जो अंतरिक्ष के क्षेत्र में कदम रखने जा रहे हैं और एक ऐतिहासिक क्षण हैं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह भारत के स्पेस इकोसिस्टम को विकसित करने के लिए एक बड़ा कदम है और विश्व समूह के समुदाय में एक सीमावर्ती राष्ट्र के रूप में भी उभर रहा है। यह भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम के लिए भी एक महत्वपूर्ण मोड़ है।