देश के सबसे लंबे लेह-दिल्ली रूट पर अब अगले साल ही बस में सफर कर सकेंगे यात्री
इस सीजन में इतने दिन ही दौड़ पाई बस, केलांग डिपो को लाखों रुपयों का नुकसान……
HNN/ लाहौल-स्पीति
हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा के चलते सड़कें बंद होने पर लेह-दिल्ली रूट पर बस महज 38 दिन ही दौड़ सकी है। एचआरटीसी के केलांग डिपो ने लेह-दिल्ली के बीच आठ जून को बस सेवा शुरू की थी। लेकिन प्राकृतिक आपदा की मार से सबसे लंबा रूट पर भी बाधित हो गया। बता दें इस रूट पर सालाना साढ़े तीन से चार माह तक बस चलती थी।
लेकिन सड़के बंद होने के चलते यह संभव नहीं हो पाया। वहीं इतने कम दिन बसें चलने से केलांग डिपो को लाखों रुपयों का नुकसान हुआ है। शुरुआत में बस के सुहाने सफर का आनंद उठाने के लिए बस पूरी तरह से पैक चल रही थी।
ऐसे में निगम ने एक और बस चलाने का फैसला लिया था। लेकिन इस बार प्राकृतिक आपदा के चलते सड़कें बंद होने पर केलांग डिपो की बस महज 38 दिन ही दौड़ पाई है। वहीं अब 15 सितंबर से यह मार्ग आधिकारिक तौर पर बंद हो जाता है। देश के सबसे लंबे लेह-मनाली-दिल्ली (1026 किमी) बस रूट पर अब अगले साल ही एचआरटीसी की बस में सफर कर सकेंगे।