Loading...

दो दिन में शिमला पहुंचे 12,770 वाहन, होटलों में 10 प्रतिशत दिया जा रहा डिस्काउंट

SAPNA THAKUR • 9 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN/ शिमला

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पर्यटन कारोबार बेहद अच्छा चला हुआ है। राजधानी शिमला में इन दिनों सैलानियों की चहल कदमी बढ़ी हुई है जिससे पर्यटन कारोबार ने भी रफ्तार पकड़ी है। बड़ी बात तो यह है कि क्रिसमस और न्यू ईयर के बाद भी राजधानी शिमला में सैलानियों के आने का सिलसिला लगातार जारी है।

वन विभाग की ओर से प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में आगामी दिनों के दौरान बर्फबारी का भी अनुमान जताया गया है। ऐसे में बर्फबारी की चाह लेकर बड़ी संख्या में सैलानी राजधानी शिमला के पर्यटन स्थलों में पहुंच रहे हैं। हिल्स क्वीन शिमला में वीकेंड पर भी सैलानियों की भीड़ रही। 2 दिन में शोघी बैरियर से 12,770 गाड़ियों ने शहर में एंट्री की।

उधर, शिमला के प्राइवेट होटल एसोसिएशन के प्रधान एमके सेठ का कहना है कि होटलों में टूरिस्टों को 10 प्रतिशत का डिस्काउंट ऑफर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर पर्यटक डिस्काउंट का लाभ उठाना चाहते हैं तो वह होटलों की बुकिंग करवाएं। उन्होंने कहा कि शहर में इन दिनों पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है जिससे कारोबार बेहद अच्छा चला हुआ है।