Loading...

दो नाबालिगों से छेड़छाड़ करने के दोषी को 5 साल का कारावास, जुर्माना भी लगाया

By Ankita Published: 11 Apr 2024, 5:29 PM | Updated: 11 Apr 2024, 5:31 PM 1 min read

HNN/ सोलन

जिला सोलन में दो नाबालिगों से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को अदालत ने दोषी करार दिया है। अदालत ने दोषी को तीन अलग-अलग मामलों में पांच साल के कारावास की सज़ा सुनाई है। इसके अलावा 21 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। यह सज़ा अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पॉक्सो गुरमीत कौर की अदालत ने सुनाई है।

यदि दोषी उमेश बंसल निवासी शामती राजगढ़ रोड सोलन किसी सूरत में जुर्माना अदा नहीं करता तो उसे अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। गौरतलब है कि उमेश ने मई 2021 दो किशोरियों जिनकी आयु लगभग 10 और 8 वर्ष है, को अलग-अलग तारीखों पर शामती में अपने कमरे में ले जाकर गलत तरीके से उन्हें बंधक बना लिया।

इसके बाद उसने दोनों पीड़िताओं के संवेदनशील हिस्सों को गलत तरीके से छुआ। दोषी ने उन्हें आपराधिक रूप से धमकाया भी। बाद में पीड़िता ने अपनी मां को घटना के बारे में बताया। मामला पीड़िताओं की मां के कहने पर महिला थाना सोलन में मामला दर्ज किया गया और आरोपी को 13 जून 2021 को गिरफ्तार किया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से मामले को साबित करने के लिए 19 गवाहों की जांच की गई, जिनके आधार पर आरोपी को दोषी ठहराया गया।