Loading...

दो भाइयों के संयुक्त घर में चोरों ने लगाई सेंध, नकदी सहित लाखों के आभूषणों पर हाथ साफ

PRIYANKA THAKUR • 12 Jan 2023 • 1 Min Read

HNN / काँगड़ा

जिला कांगड़ा के उपमंडल इंदौरा में चोरों ने दो भाइयों के संयुक्त घर में सेंधमारी कर नकदी सहित लाखों के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। जिस वक्त घर में सेंधमारी हुई परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। वहीं, पुलिस ने पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में स्वर्ण कुमार ने बताया कि वह और उसके भाई का परिवार एक साथ रहता है। सुबह उसका भाई काम के सिलसिले से अपनी पत्नी के साथ अमृतसर चला गया। वह और उसकी पत्नी भी काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। जब वह वापस घर आए तो उन्होंने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था।

जब अंदर गए तो देखा कि सारा सामान बिखरा हुआ था और अलमारियों में रखे कीमती गहने और नकदी गायब थी। इसके बाद उसने अपने भाई को इसकी सूचना दी और पुलिस थाने में चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।