Loading...

दो मंजिला पशुशाला चढ़ी आग की भेंट, चारे सहित लकड़ी जलकर राख…

SAPNA THAKUR • 21 Dec 2022 • 1 Min Read

HNN/ हमीरपुर

हमीरपुर जिला के उपमंडल सुजानपुर के तहत आने वाली ग्राम पंचायत डेरा के गांव टिक्कर में एक पशुशाला आग की भेंट चढ़ गई जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुक्सान हुआ है। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया परंतु तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। इतना ही नहीं पशुशाला में आग लगने से पशु चारे सहित लकड़ी भी जलकर राख हो गई है। हालांकि आगजनी की इस घटना से पशुधन को कोई नुक्सान नहीं हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दो मंजिला पशुशाला रणजीत सिंह की थी। बताया जा रहा है कि शार्ट सर्किट के कारण अचानक ही इस दो मंजिला पशुशाला में आग भड़क उठी। पशुशाला में आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलने के बाद अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया परंतु तब तक पशुशाला की दूसरी मंजिल पर पशुओं के लिए रखा चारा, स्लेट व लकड़ी राख हो गई।