दो मंजिला मकान में हुआ भीषण अग्निकांड, जिंदा जली 11 भेड़-बकरियां
HNN/ मंडी
जिला मंडी के उपमंडल सुंदरनगर में निहरी तहसील के जरल गांव में दो मंजिला मकान में भीषण अग्निकांड हुआ है। इस घटना में निचली मंजिल में बंधी 11 भेड़ बकरियां जिंदा जल गई है। अग्निकांड में पीड़ित परिवार को करीब 50 लाख रुपए के नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है। वहीं सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी।
जानकारी के मुताबिक, डाबर राम पुत्र आदम राम के मकान में अचानक ही चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दो मंजिला मकान को अपनी चपेट में ले लिया। जब यह घटना हुई तब घर के अंदर सिर्फ दो बच्चे व एक बुजुर्ग महिला ही मौजूद थी।
उन्हें समय रहते बाहर निकाल दिया गया अन्यथा कोई एक बड़ा हादसा पेश आ सकता था। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था। मकान में परिवार के करीब 10 सदस्य रहते थे। मामले की पुष्टि करते हुए उपमंडल अधिकारी सुंदरनगर गिरीश समरा ने की है।