Loading...

दो वाहनों में हुई जोरदार टक्कर, एक घायल

PARUL 25 Mar 2024 Edited 25 Mar 1 min read

HNN/ऊना

जिला ऊना में टाहलीवाल क्षेत्र में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां तेज रफ्तार स्कूटी ने एक अन्य स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार बुजुर्ग घायल हो गया है। घायल की पहचान दिलबाग सिंह (78) निवासी पालकवाह तहसील हरोली जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिलबाग सिंह शनिवार दोपहर को टाहलीवाल में स्थित पेट्रोल पंप से अपने स्कूटी में तेल भरवाने के लिए सड़क से मुड़े। उन्होंने आधी सड़क ही पार की थी कि पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अन्य स्कूटी सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दिलबाग सिंह घायल हो गया। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया।

जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वहीं हादसे के बाद टक्कर मारने वाला स्कूटी सवार मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पेट्रोल पंप की सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने के बाद अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी ऊना राकेश सिंह ने मामले की पुष्टि की है।