धगेड़ा पंचायत से कांग्रेस को बड़ा सियासी संबल, नवनिर्वाचित प्रधान-उपप्रधान समेत पंचायत नेतृत्व पार्टी में शामिल
हिमाचल नाऊ न्यूज नाहन।
नाहन विधानसभा क्षेत्र की धगेड़ा पंचायत में कांग्रेस ने शनिवार को पंचायत स्तर पर अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत होने का दावा किया। पंचायत के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान, कई वार्ड सदस्यों और दर्जनों परिवारों ने विधायक अजय सोलंकी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
स्थानीय राजनीति में इस घटनाक्रम को कांग्रेस के लिए अहम सियासी बढ़त के रूप में देखा जा रहा है।कांग्रेस में शामिल होने वालों में नवनिर्वाचित प्रधान नरेंद्र कुमार, उपप्रधान रघुवीर सिंह, वार्ड सदस्य रणदीप सिंह, प्रमोद कुमार, धनिजा देवी, मीना देवी, बिना देवी के अलावा सुरेश कुमार, सतपाल सिंह सहित दर्जनों परिवार शामिल रहे।
सभी ने विधायक अजय सोलंकी की कार्यशैली, क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों और जनसेवा में विश्वास जताते हुए कांग्रेस का दामन थामा।इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने सभी नए साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि धगेड़ा पंचायत से मिला यह समर्थन केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि विकास की राजनीति पर जनता की मुहर है।
उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा में कांग्रेस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और हर पंचायत से लोग विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की सोच के साथ पार्टी से जुड़ रहे हैं।सोलंकी ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में व्यस्त हैं, जबकि कांग्रेस सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रही है।
जनता अब वादों और हकीकत का फर्क समझ चुकी है और यही कारण है कि पंचायत स्तर पर भी कांग्रेस के साथ लोगों का जुड़ाव लगातार बढ़ रहा है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस परिवार में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता और समर्थक का पूरा सम्मान किया जाएगा तथा उनकी भावनाओं के अनुरूप क्षेत्र के विकास को नई गति दी जाएगी।
सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।धगेड़ा पंचायत सहित संपूर्ण नाहन विधानसभा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए अजय सोलंकी ने कहा कि जनता का विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने सभी नागरिकों से विकास और जनसेवा की इस यात्रा में साथ आने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस सबको साथ लेकर नाहन विधानसभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।अजय सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश में ईमानदार, पारदर्शी और जनहित को समर्पित सरकार काम कर रही है।
सरकार की विकासपरक नीतियों और जनकल्याणकारी फैसलों के कारण प्रदेशभर में कांग्रेस के प्रति जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। विपक्ष भले ही राजनीतिक बयानबाजी करे, लेकिन जनता अब काम और विकास के आधार पर अपना समर्थन दे रही है, जिसका प्रमाण धगेड़ा पंचायत सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है।