Loading...

धर्मपुर पुलिस ने हिसार से गिरफ्तार किया उद्घोषित अपराधी

By Ankita Published: 11 Apr 2024, 4:08 PM | Updated: 11 Apr 2024, 4:08 PM 1 min read

2022 में थाना धर्मपुर में भगोड़ा किया था घोषित

HNN/ सोलन

जिला सोलन की धर्मपुर पुलिस ने मारपीट और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोप में भगोड़े चल रहे गुरविंद्र सिंह नाम के व्यक्ति को हिसार हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पुलिस थाना धर्मपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक मामला 2013 का है।

जब एचआरटीसी बस चालक सुनील कुमार निवासी जिला ऊना ने पुलिस थाना धर्मपुर में मारपीट और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। चालक सुनील कुमार का कहना था कि जब वो सुबह एचआरटीसी की बस लेकर अमृतसर से शिमला के लिए आ रहा था।

तो सनवारा के पास इसकी बस के आगे चल रही एक इनोवा गाड़ी के चालक ने इसे साइड न दी तथा जानबूझ कर अपनी इनोवा गाड़ी बस के आगे खड़ी कर दी। जब चालक सुनील कुमार ने इसका विरोध किया तो गाड़ी में बैठे युवकों गुरविंद्र सिंह, गुरचंट सिंह तथा फतेह कर्म सिंह ने इसके साथ मारपीट करके इसकी वर्दी भी फाड़ दी तथा इसके सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की।

इस घटना को लेकर पुलिस थाना धर्मपुर में इन आरोपियों के विरुध विभिन्न धाराओं में मुकद‌मा दर्ज किया गया था। जब मामले की सुनवाई शुरू हुई तो आरोपी गुरविंद्र सिंह अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इस बात पर अदालत ने संज्ञान लेते हुए गुरविंद्र को 2022 में भगोड़ा घोषित कर दिया था।

इस दौरान पुलिस गुरविंद्र की खोज में जुटी रही तथा पिछले दिनों धर्मपुर पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के हिसार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया है, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस आगे की छानबीन में जुटी है। वहीं मामले की पुष्टि सोलन एसपी गौरव सिंह ने की। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।