धर्मशाला में ड्रोन शो और सुरों की महफिल, कांगड़ा वैली कार्निवल 24 से 31 दिसंबर तक

पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से धर्मशाला में इस वर्ष कांगड़ा वैली कार्निवल का भव्य आयोजन 24 दिसंबर से 31 दिसंबर तक किया जाएगा। पुलिस मैदान धर्मशाला में आयोजित होने वाले इस कार्निवल में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ ड्रोन शो, खेल प्रतियोगिताएं और विभिन्न आकर्षक गतिविधियां लोगों को मनोरंजन से भरपूर अनुभव देंगी।

धर्मशाला

शोभा यात्रा से होगा कार्निवल का शुभारंभ

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने बताया कि कांगड़ा वैली कार्निवल का शुभारंभ 24 दिसंबर को भव्य शोभा यात्रा के साथ किया जाएगा। यह शोभा यात्रा उपायुक्त कार्यालय परिसर से आरंभ होकर आयोजन स्थल पुलिस मैदान में संपन्न होगी, जिसमें पारंपरिक परिधानों में स्थानीय कलाकार और सांस्कृतिक दल भाग लेंगे।

ड्रोन शो और केरल का थाई कुडम बैंड बनेगा आकर्षण

उपायुक्त ने कहा कि इस बार कार्निवल में अत्याधुनिक ड्रोन शो के साथ केरल का बहुशैली संगीत बैंड ‘थाई कुडम’ अपनी प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेगा। इसके अतिरिक्त एनजेडसीसी, हिमाचल और बालीवुड के कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा।

पंजाबी, बालीवुड और सूफी गायन से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

उन्होंने जानकारी दी कि 24 दिसंबर को थाई कुडम बैंड, 25 दिसंबर को बालीवुड गायक अंकित तिवारी, 26 दिसंबर को सूफी गायक कंवर ग्रेवाल, 27 दिसंबर को कुमार साहिल, 28 दिसंबर को कुलदीप शर्मा और करनैल राणा सहित हिमाचली कलाकार, 29 दिसंबर को पंजाबी गायक बब्बू मान, 30 दिसंबर को रैपर पैराडॉक्स तथा 31 दिसंबर को इंशात भारद्वाज और नेहा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 31 दिसंबर को भव्य आतिशबाजी शो भी आयोजित किया जाएगा।

हॉट एयर बैलून, खेल और अन्य गतिविधियां

कार्निवल के दौरान हॉट एयर बैलून, क्रिकेट और फुटबॉल प्रतियोगिताएं, स्ट्रीट थियेटर, मैराथन और आतिशबाजी जैसे आयोजन भी मुख्य आकर्षण रहेंगे। इसके साथ मिलेट्स फेस्टिवल और क्राफ्ट बाजार का आयोजन कर हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा।

स्थानीय कलाकारों और स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा मंच

उपायुक्त ने बताया कि कार्निवल में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं और युवाओं के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन कर उनकी सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।

पर्यटन राजधानी की दिशा में बड़ा कदम

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि राज्य सरकार कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार इस कार्निवल को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हिमाचली लोक संस्कृति और कलाकारों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।

सोशल मीडिया पर होगी लाइव स्ट्रीमिंग

उन्होंने बताया कि कांगड़ा वैली कार्निवल की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाइव स्ट्रीमिंग भी की जाएगी, ताकि जो लोग आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे घर बैठे इसका आनंद ले सकें।

इस अवसर पर एडीसी विनय कुमार, एडीएम शिल्पी बेक्टा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।