धर्मशाला में सेवानिवृत्त अधिकारी से शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 94 लाख की ठगी
धर्मशाला
राजस्थान के पूर्व अधिकारी ने व्हाट्सएप पोस्ट के झांसे में आकर की थी बड़ी रकम की ऑनलाइन ट्रांजैक्शन
शेयर मार्केट मुनाफे के लालच में गंवाए लाखों
राजस्थान के एक सेवानिवृत्त अधिकारी से धर्मशाला के सिद्धबाड़ी क्षेत्र में रहते हुए 94.30 लाख रुपये की ठगी हुई है। यह ठगी व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट के झांसे से जुड़ी है। शातिरों ने शुरू में दो लाख रुपये का मुनाफा दिखाकर विश्वास जीता और फिर अधिकारी से नौ से दस किस्तों में यह बड़ी रकम वसूल ली।
तीन करोड़ के लाभ का दिखाया सपना
पीड़ित अधिकारी ने ठगों द्वारा दिए गए अलग-अलग बैंक खातों में बार-बार पैसे ट्रांसफर किए। बाद में उन्हें तीन करोड़ रुपये का फायदा मिलने का झांसा दिया गया। लेकिन जब कोई पैसा नहीं मिला, तो ठगी का आभास हुआ।
साइबर थाना धर्मशाला में मामला दर्ज
शिकायतकर्ता ने धर्मशाला स्थित साइबर क्राइम थाना नॉर्थ जोन में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। एएसपी प्रवीन धीमान ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और करीब 50 लाख रुपये की राशि को फ्रीज करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
ऑनलाइन निवेश से पहले सतर्कता जरूरी
एएसपी ने आमजन से अपील की है कि वे व्हाट्सएप या किसी अन्य माध्यम से आने वाले ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट ऑफर्स से बचें और किसी भी अनजान खाते में पैसे भेजने से पहले पूरी जानकारी प्राप्त करें।