धौलासिद्ध प्रोजेक्ट साइट में डूबे मजदूरों का अब तक नहीं लगा सुराग
HNN / हमीरपुर
जिला हमीरपुर के नादौन क्षेत्र के अंतर्गत आते ब्यास के धौलासिद्ध प्रोजेक्ट साइट में डूबे दो मजदूरों का 24 घंटे के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। सोमवार सुबह जसूर से निरीक्षक अनिल कुमार की अगुवाई में आई एनडीआरएफ की टीम ने दिनभर नदी में उनकी तलाश की परंतु सफलता हाथ नहीं लगी।
टीम का कहना है कि अधिक समस्या पानी की गहराई का होना व पानी के तल पर बड़े-बड़े चट्टानों का होना है। वहीं, आसपास भारी कटान होने से पानी के नीचे मिट्टी के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा है। जिसके चलते मजदूरों को ढूढ़ने में काफी परेशानी आ रही है। बता दे कि रमेश और घनश्याम दोनों कपड़े धोने के लिए ब्यास से थोड़ा आगे प्रोजेक्ट साइट के समीप गए हुए थे।
कपड़े धोते समय रमेश का पत्थर से पांव फिसला और वह सीधा पानी में जा गिरा। रमेश को पानी में गिरता देख घनश्याम उसे बचाने के लिए जैसे ही आगे बढ़ा उसका भी पांव फिसला और वह भी पानी में जा गिरा। इसके बाद आसपास के लोगो ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया लेकिन पानी ज़्यादा होने के चलते दोनों लहरों के बीच लापता हो गए। आज फिर दोनों की तलाश के लिए एनडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाया है।