हिमाचल में कल गूंजेगा सामाजिक समरसता का संदेश, नाहन बनेगा यात्रा का प्रमुख पड़ाव
23 नवंबर को परवाणू से सिरमौर पहुंचेगी समरसता संकल्प यात्रा, पांवटा साहिब में स्वच्छता अभियान और सामाजिक संवाद के जरिए दिया जाएगा एकता का संदेश
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन
सामाजिक भेदभाव मिटाने, समानता की भावना को मजबूत करने और समाज के विभिन्न वर्गों को एकता के सूत्र में पिरोने का संदेश लेकर निकली समरसता संकल्प यात्रा सोमवार, 23 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में प्रवेश करेगी। सोलन से लेकर सिरमौर तक यात्रा के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।
इस दौरान नाहन यात्रा का प्रमुख केंद्र रहेगा, जहां जिला स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया जाएगा।भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने रविवार को यात्रा का कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समानता, प्रेम और मानवता के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा 23 नवंबर को सुबह साढ़े नौ बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी और सुबह 10 बजे कालका होते हुए परवाणू पहुंचेगी। यहां स्वागत के बाद सुबह साढ़े दस बजे कुमारहट्टी के लिए प्रस्थान करेगी। कुमारहट्टी में सुबह 11 बजे से साढ़े 11 बजे तक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके बाद दोपहर 12 बजे यात्रा सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन के लिए रवाना होगी। दोपहर दो बजे नाहन पहुंचने पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। यहां आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय सद्भाव पर विशेष जोर रहेगा।
नाहन में कार्यक्रम संपन्न होने के बाद यात्रा पांवटा साहिब पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम निर्धारित किया गया है।यात्रा का दूसरा दिन यानी 24 नवंबर पांवटा साहिब में सामाजिक संवाद और स्वच्छता के नाम रहेगा।
सुबह सात से आठ बजे के बीच आधे घंटे का विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद मंदिर अथवा गुरुद्वारे में संत गुरु रविदास जी का चित्र भेंट करने और धार्मिक स्थल पर पुष्पांजलि अर्पित करने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
सुबह 8:15 से 8:45 बजे तक अनुसूचित जाति समाज के लगभग 120 गणमान्य नागरिकों के साथ विशेष संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें शिक्षा, समान अवसर, सामाजिक उत्थान और राष्ट्र निर्माण में समाज की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद सुबह करीब नौ बजे यात्रा देहरादून के लिए रवाना होगी।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि सामाजिक समरसता केवल नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि समानता, सम्मान और आपसी विश्वास की भावना समाज के व्यवहार में भी दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण की प्रेरणा देती हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र की मजबूती के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों से यात्रा के स्वागत एवं कार्यक्रमों में भाग लेने की अपील की है।

