धौलासिद्ध प्रोजेक्ट साइट में डूबे मजदूरों के शव बरामद, पोस्टमार्टम के बाद….
HNN / हमीरपुर
धौलासिद्ध प्रोजेक्ट साइट में डूबे दोनों मजदूरों के मंगलवार शाम को शव बरामद कर लिए गए। एनडीआरएफ की टीम द्वारा मंगलवार को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। दलदल में फंसने के बाद भी टीम ने हिम्मत नहीं हारी और दोनों मजदूरों की दिनभर तलाश की। जिसके बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान रमेश चंद (41) पुत्र मूलाराम निवासी गांव खदर, सलूणी (चंबा) और घनश्याम (43) पुत्र नरेश कुमार निवासी सलूणी, गांव सरड के तौर पर हुई है।
बता दे कि दोनों मजदूर रविवार दोपहर बाद कपड़े धोने के लिए प्रोजेक्ट के चेकडैम से करीब डेढ़ सौ मीटर आगे गए थे। यहां काफी मात्रा में पानी ठहरा हुआ है। इसी बीच कपड़े धोते समय रमेश का पत्थर से पांव फिसला और वह सीधा पानी में जा गिरा। रमेश को पानी में गिरता देख घनश्याम उसे बचाने के लिए जैसे ही आगे बढ़ा उसका भी पांव फिसला और वह भी पानी में जा गिरा।
इसके बाद आसपास के लोगो ने मौके पर पहुंचकर दोनों को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन पानी ज़्यादा होने के चलते दोनों लहरों के बीच लापता हो गए। उधर, थाना प्रभारी योगराज चंदेल ने बताया कि धौलासिद्ध प्रोजेक्ट साइट में डूबे दोनों मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।