Loading...

नंबरदारों की मांगों पर सरकार का सकारात्मक रुख, रजिस्ट्री प्रक्रिया में भूमिका मजबूत करने के संकेत

Shailesh Saini • 26 Feb 2026 • 1 Min Read

सिरमौर दौरे पर राजस्व मंत्री नेगी से मिला महासंघ, राजस्व व्यवस्था सरल बनाने पर चर्चा

नाहन

जिला सिरमौर नंबरदार जनकल्याण महासंघ का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष यशवंत ठाकुर के नेतृत्व में सर्किट हाउस नाहन में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी से मिला और राजस्व प्रणाली से जुड़े विभिन्न मुद्दों को विस्तार से रखा।

प्रतिनिधिमंडल ने जमीन की रजिस्ट्री, इंतकाल, निशानदेही तथा तकसीम की प्रक्रियाओं में नंबरदारों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग उठाई। इसके अलावा लगान को पैसों की जगह रुपये में परिवर्तित करने, रिक्त नंबरदार पदों को भरने तथा जमाबंदी अभिलेखों में नंबरदारों के नाम दर्ज करने की मांग भी रखी गई।

जिलाध्यक्ष यशवंत ठाकुर ने कहा कि राजस्व कार्यों में नंबरदारों की पारंपरिक भूमिका महत्वपूर्ण रही है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में उनकी भागीदारी सीमित होने से कार्यप्रणाली प्रभावित हो रही है।

उन्होंने कहा कि नंबरदारों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित होने से पारदर्शिता बढ़ेगी और ग्रामीण स्तर पर राजस्व कार्यों में तेजी आएगी।राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भूमि खरीद-फरोख्त के दौरान रजिस्ट्री प्रक्रिया में नंबरदार की सेवा को अनिवार्य बनाने पर सरकार विचार कर रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि राजस्व व्यवस्था को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए व्यावहारिक सुझावों का स्वागत किया जाएगा।प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नंबरदार कलम सिंह, जिला उपाध्यक्ष राम सिंह ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष नवीन कुमार, जिला सचिव बलवंत ठाकुर, जगदीश शर्मा, विजयपाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि राजस्व मंत्री इन दिनों सिरमौर प्रवास पर हैं और विभागीय कार्यों की समीक्षा के साथ विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर रहे हैं।