नए साल में प्रदेश के इन चार जिलों में मिलेंगे देसी चावल……
HNN/हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश खाद्य आपूर्ति विभाग जनवरी से सहकारी सभाओं में उपभोक्ताओं को देसी चावल वितरित करेगा। खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा यह देसी चावल केवल चार जिलों ऊना, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन में ही सहकारी सभाओं के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे।
क्षेत्रीय प्रबंधक प्रदेश सिविल सप्लाई कार्पोरेशन लिमिटेड हमीरपुर संजीव कुमार वर्मा द्वारा यह जानकारी दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में इससे पहले देसी चावल सहकारी सभाओं के माध्यम से वितरित नहीं किया गया।
उन्होंने बताया कि चार जिलों की 26 मंडियों में धान खरीद का मंगलवार को आखिरी दिन रहा। अब अगले वर्ष ही धान की खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि पीडीएस कार्ड धारकों को 10 रुपये, जबकि बीपीएल कार्ड धारकों को छह रुपये प्रति किलो की कीमत पर देसी चावल उपलब्ध होगा।