नगर निगम ऊना में परिवार रजिस्टर अद्यतन हेतु विशेष सुविधा 20 अप्रैल तक रहेगी उपलब्ध
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
नगर निगम ऊना द्वारा परिवार रजिस्टर को अद्यतन करने के लिए विशेष सुविधा शुरू की गई है, जो 20 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी। इस प्रक्रिया के तहत नागरिक अपने दस्तावेजों के साथ पंजीकरण, सत्यापन और संशोधन करवा सकते हैं। प्रशासन ने सभी पात्र परिवारों से समय सीमा के भीतर विवरण अपडेट करवाने की अपील की है।
ऊना
नगर निगम ऊना के संयुक्त आयुक्त मनोज कुमार ने जानकारी दी है कि निगम क्षेत्र के समस्त स्थायी निवासियों के लिए नगर निगम द्वारा परिवार रजिस्टर को अद्यतन करने की विशेष प्रक्रिया प्रारंभ की है। परिवार रजिस्टर में पंजीकरण, सत्यापन एवं संशोधन के लिए यह विशेष सुविधा 20 अप्रैल तक उपलब्ध रहेगी।मनोज कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र के अंतर्गत संपूर्ण परिवार रजिस्टर तैयार कर लिया गया है। ऐसे में वे सभी नागरिक, जिन्होंने अब तक परिवार सर्वे में पंजीकरण नहीं करवाया है अथवा जिनके परिवार विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे अपने आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र साथ लेकर नगर निगम कार्यालय में जाकर अपना पंजीकरण या संशोधन करवा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी प्रकार की प्रशासनिक असुविधा से बचने हेतु सभी पात्र परिवार निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने परिवार रजिस्टर को अद्यतन अवश्य करवा लें। साथ ही, वे परिवार जिनके सदस्य अब इस क्षेत्र में निवास नहीं कर रहे हैं, वे भी अपने नाम का उचित स्थानांतरण/अद्यतन सुनिश्चित करें।उन्होंने नगर निगम ऊना के नागरिकों से अपील की है कि वे इस विशेष सुविधा का समय रहते लाभ उठाएँ तथा अपने परिवार से संबंधित संपूर्ण विवरण का सही एवं अद्यतन प्रमाणीकरण अनिवार्य रूप से पूरा करें।