नम आंखों से कांगड़ा के जवान बलवीर चंद को सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
HNN/ कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपतहसील राजा का तालाब की ग्राम पंचायत नेरना के बीएसएफ जवान बलवीर चंद का शुक्रवार को पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई।
वहीं, पति बलवीर चंद की पार्थिव देह को तिरंगे में लिपटी देख पत्नी सुदेश कुमारी बेसुध हो गईं। शमशानघाट सुखार में 24 बटालियन के एएसआई अश्वनी कुमार की अगुवाई में उनकी टीम ने जवान को सलामी दी। बड़े बेटे विशाल सिंह ने अपने पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के जिला दंतेवाड़ा के कटेकल्याण में ड्यूटी के दौरान ग्रेनेड विस्फोट फटने से जवान बलवीर चंद शहीद हो गए थे। बता दें आज जवान की पार्थिव देह सुबह लगभग 2:30 बजे कस्बा राजा का तालाब पहुंची। जबकि मंगलवार सुबह लगभग 10:00 बजे जैसे ही बलवीर की पार्थिव देह पैतृक घर पर पहुंची। जवान बलवीर के शहीद होने से उनके परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है।